Bikaner Bikaner District

कार्यों की प्रगति कम रहने पर एडीएम प्रशासन ने जताया असंतोष

कार्यों की प्रगति कम रहने पर एडीएम प्रशासन ने जताया असंतोष
बीकानेर पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़े के अन्तर्गत एडीएम प्रशासन श्री रामावतार कुमावत ने गुरूवार को पूगल तहसील की ग्राम पंचायत डेली तलाई और सम्मेवाला में लगे शिविरों का निरीक्षण किया। ग्रामीणों द्वारा डेली तलाई में नई पीएचसी भवन का निर्माण कार्य धीमी गति से होने की शिकायत पर श्री कुमावत द्वारा मौके पर ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता कर निर्धारित मानदण्डों के अनुसार कार्य में गति लाने के सख्त निर्देश दिए। ग्राम वासियों द्वारा विद्युत के ढीले तारों के संबंध में अवगत कराने पर शिविर के दिन ही तारों को कसवा कर रिपोर्ट करने के निर्देश प्रदान किए गए।
एडीएम प्रशासन श्री कुमावत ने जल संसाधन विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी को कैंप स्थल पर विभागीय कार्यों की पूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए। श्री कुमावत ने पेंशनरों के शत-प्रतिशत सत्यापन करने, ग्राम पंचायत के बकाया सीमाज्ञान के प्रकरणों को त्वरित निस्तारित करने, खाद्य सुरक्षा में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने व अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने संबंधी कार्य अविलम्ब पूर्ण करने, शिविर में लाइट नहीं होने पर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी को शिविर के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की अवस्था में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वन विभाग के अधिकारियों को पौधों का शिविर में ही वितरण करने को कहा।   
ग्राम पंचायत सम्मेवाला में एडीएम प्रशासन ने निरीक्षण के दौरान ई-मित्र संचालक को शिविर में किए जाने वाले कार्यों की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को व्यर्थ भटकना ना पड़े और एक ही स्थान पर समस्त सूचनाएं प्राप्त की जा सके। श्री कुमावत ने कृषि विभाग के अधिकारी को ड्रिप औऱ फव्वारा सिस्टम की स्वीकृतियां मौके पर ही जारी कर वितरण करने, पशुपालन विभाग के चिकित्सकों को शिविर में निर्धारित वेशभूषा में उपस्थित होने के निर्देश दिए। शिविर में जलदाय विभाग के कार्मिकों को कार्यों की पूर्ण जानकारी न होने पर श्री कुमावत द्वारा असंतोष व्यक्त किया गया तथा आगामी सभी शिविरों में पूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश प्रदान किए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *