Bikaner Bikaner District Rajasthan

विद्यार्थियों व ड्राइवरों को मिलेंगे नि:शुल्क चश्मे

विद्यार्थियों व ड्राइवरों को मिलेंगे नि:शुल्क चश्मे
बीकानेर। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जुलाई माह में राजकीय विद्यालयों में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह निर्णय स्कूल शिक्षा विभाग की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) की माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता शासन सचिव स्कूल शिक्षा श्री कृष्ण कुणाल ने की। बैठक में विभागीय योजनाओं, नवाचारों एवं आगामी शैक्षणिक सत्र की शैक्षिक रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
कुणाल ने बताया कि शाला स्वास्थ्य परीक्षण अभियान के अंतर्गत यह शिविर सभी राजकीय विद्यालयों के लिए संचालित होंगे, जिसमें विद्यार्थियों के साथ बाल वाहिनियों के चालकों (ड्राइवरों) की आंखों की नि:शुल्क जांच की जाएगी। परीक्षण के उपरांत विद्यार्थियों या चालकों को आवश्यकतानुसार नि:शुल्क चश्मे भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
अन्य एजेंडा बिंदुओं पर भी हुई चर्चा
बैठक में विभाग के जुड़े कई एजेंडों पर भी चर्चा हुई। श्री कुणाल ने मिड डे मील से सम्बंधित डेटा को शाला दर्पण पोर्टल पर शीघ्रता से अपलोड करने, प्रवेशोत्सव के अंतर्गत चल रहे नामांकन कार्य की प्रतिदिन मॉनिटरिंग, ड्रॉपआउट रोकने और विद्यालय नामांकन डेटा को विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) से लिंक करने के निर्देश दिए। शिक्षा सचिव ने स्टूडेंट अटेंडेंस ऐप का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ कक्षा 1 से 5 और 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को टेक्स्ट बुक्स और वर्कबुक्स समय पर उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त श्रीमती अनुपमा जोरवाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री आशीष मोदी, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा श्री सीताराम जाट, संयुक्त शासन सचिव श्री मनीष गोयल सहित विभागीय अधिकारी एवं पीएमयू की टीम सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *