Bikaner District

लाभुजी कटला में 40 साल पुरानी वायरिंग तत्काल बदलने के निर्देश

लाभुजी कटला में 40 साल पुरानी वायरिंग तत्काल बदलने के निर्देश
बीकानेर। जिला स्तरीय वाद एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलेक्टर ने रीको की कार्यप्रणाली और उसके द्वारा करवाए जा रहे कार्यों को लेकर उद्यमियों द्वारा विभिन्न शिकायत दर्ज करवाने पर जिला उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा को रीको द्वारा करवाए जा रहे कार्यों की मॉनिटरिंग की नई जिम्मेदारी सौंपी। जिला कलेक्टर ने कहा कि रीको कार्यों की मॉनिटरिंग अब जीएम डीआईसी करेंगी।
’खारा में फायर स्टेशन को लेकर जिला कलेक्टर की ओर से लिखा जाएगा डीओ लेटर’
पिछले 2 साल से खारा में फायर स्टेशन का कार्य शुरू नहीं होने पर जिला कलेक्टर ने इस बाबत डीओ लेटर लिखने के निर्देश जीएम डीआईसी को दिए। बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में उदयपुर की तर्ज पर साइन बोर्ड लगाने, लाइट की व्यवस्था करने, साफ सफाई करवाने, रीको इलाके से शराब के ठेके हटाने की मांग पर जिला कलेक्टर ने रीको अधिकारियों को इस बाबत दिशा निर्देशित किया।
उद्यमियों ने कहा कि लाभुजी कटला में 40 साल पुरानी बिजली की वायरिंग है। पूरा मार्केट बारूद के ढेर पर बैठा है। जिला कलेक्टर ने बीकेईएसएल अधिकारी को तत्काल वायरिंग ठीक करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने कोटगेट और केईएम रोड को भी वायर प्री किए जाने की मांग की तो बीडीए कमिश्नर श्रीमती अपर्णा गुप्ता ने कहा कि उदयपुर में यह कार्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत हुआ था। अगर बीडीए के पास फंड हुआ तो ये कार्य बीडीए करवा देगा।
’सीईटीपी में उद्यमियों की भी हो भागीदारी’
बैठक में करणी औद्योगिक क्षेत्र के व्यापारियों ने कहा कि सीईटीपी में उद्यमियों की भी भागीदारी होनी चाहिए। सरकार सीईटीपी बनाकर दे दे, उसे चलाने का कार्य उद्यमी करेंगे। बैठक में उद्मियों ने श्री डूंगरगढ़ में अविकसित औद्योगिक क्षेत्र में मिट्टी भरने का कार्य करवाने, शोभासर में उद्योगों की काफी बड़ी संख्या को देखते हुए वहां श्रमिकों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने की मांग की तो रीको अधिकारी ने इस पर हामी भरी। उद्यमियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एक-दो मिनट का बिजली कट लगता है तो फैक्ट्री की मोटर जलने की शिकायतें बहुत आ रही है। लिहाजा ऐसे कट बिजली विभाग ना लगाएं। जिला कलेक्टर ने इस बाबत बिजली विभाग को निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *