Bikaner Bikaner District Rajasthan

विधायक व्यास ने पीबीएम अस्पताल के वार हॉस्पिटल का लिया जायजा

विधायक व्यास ने पीबीएम अस्पताल के वार हॉस्पिटल का लिया जायजा
बीकानेर। बीकानेरः भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने शुक्रवार को पीबीएम अस्पताल में स्थापित वार हॉस्पिटल का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में चिकित्सा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। विधायक व्यास ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए पीबीएम अस्पताल में निःशुल्क दवाइयों की उपलब्धता, ऑक्सीजन सप्लाई, प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ, ब्लड बैंक की पर्याप्त आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। युद्ध जैसी स्थिति में घायलों के उपचार के लिए 20 बेड का अत्याधुनिक आईसीयू और 40 बेड का विशेष वार्ड स्थापित किया गया है। वार हॉस्पिटल के संचालन के लिए डॉ. पीडी तंवर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि प्रशासनिक समन्वय तथा अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी डॉ. जितेंद्र आचार्य को सौंपी गई है। अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने नोडल अधिकारी को निर्देश दिए कि आपातकाल में उनकी टीम 24’7 त्वरित और प्रभावी चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगी।
व्यास ने इस अवसर पर अस्पताल के स्टाफ की तत्परता और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीकानेर का पीबीएम अस्पताल न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी एक महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राजस्थान सरकार हर संभव संसाधन उपलब्ध करवाएगी ताकि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को बेहतर एवं निःशुल्क उपचार मिल सके। निरीक्षण के दौरान विधायक व्यास के साथ जोगेंद्र, कुलदीप, ओंकार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *