Rajasthan

भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी

भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी
जयपुर। शासन सचिव शिक्षा श्री कृष्ण कुणाल की अध्यक्षता में शिक्षा संकुल परिसर में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप द्वारा प्राप्त संदिग्ध प्रकरणों की भी गहन समीक्षा की गई। चर्चा का मुख्य फोकस 15 दिसंबर, 2018 से 15 दिसंबर, 2023 तक की पीटीआई (शारीरिक शिक्षा अध्यापक) भर्तियों में संदिग्ध पाए गए ऐसे अभ्यर्थियों पर रहा, जिन्होंने फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर अथवा अनुचित एवं नियमविरुद्ध साधनों से नौकरी हासिल की। इस मौके पर विगत वर्षों में आयोजित पीटीआई सीधी भर्ती परीक्षाओं में अभ्यर्थियों द्वारा फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर तथा नियम विरूद्ध एवं अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर नियुक्ति प्राप्त करने तथा ऐसे अभ्यर्थियों की विस्तृत जांच कर कार्यवाही किए जाने के संबंध में 9 बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, खेल प्रमाण पत्र तथा डिग्रियों के सत्यापन हेतु ऑनलाइन पोर्टल बनाने हेतु जोर दिया गया। इस अहम बैठक में युवा एवं खेल विभाग के शासन सचिव श्री नीरज के पवन, राजस्थान लोक सेवा आयोग के सचिव श्री रामनिवास मेहता, राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग के सचिव डॉ. भागचंद बधाल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री आशीष मोदी, एसओजी के एसपी के साथ ही स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेल विभाग तथा एसओजी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *