

विकास कार्यों का शिलान्यास
बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने शनिवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। गोदारा ने मिठड़िया में 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र बनने से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा मिलने लगेगी। श्री गोदारा ने कहा कि भवन निर्माण समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ किया जाए। यहां नॉर्म्स के अनुसार सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने अर्जुनसर से मिठड़िया तक 5.30 किलोमीटर तक 72.30 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क आसपास के दर्जनों गांवों के लिए लाभदायक होगी। इससे यातायात और अधिक सुगम होगा। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली और सड़क तंत्र को विकसित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
