

रिक्त पदों को प्रदर्शित करने की मांग
बीकानेर। राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम के प्रशासनिक अध्यक्ष सियाराम शर्मा ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर सत्र 2023-24 की डीपीसी से चयनित प्रधानाचार्यों की ऑनलाइन काउंसलिंग में समस्त रिक्त पदों को प्रदर्शित करने हेतु मांग की है। संगठन के जिला मंत्री मलकीत सिंह ने बताया कि राज्य में शिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2023-24 की डीपीसी से चयनित प्रधानाचार्यों को यथावत यथा स्थान कार्यग्रहण करवाया गया था तथा अब काउन्सलिंग प्रक्रिया हेतु रिक्त पदों की सूची प्रदर्शित की गई है। जिसमें प्रत्येक जिले में अलग-अलग अनुपात में रिक्त पद दर्शाये गये हैं, जो कि न तो व्यवहारिक है और न ही न्याय संगत है। संगठन के प्रदेश संगठन महामंत्री प्रवीण गौड़ के अनुसार जिलों में पद रिक्त पद होते हुए भी रिक्त पद नहीं दर्शाने से चयनित प्रधानाचार्यों का जिले से बाहर पदस्थापन किया जायेगा। इनमें से अधिकांश प्रधानाचार्य 45-50 वर्ष से अधिक की आयु के हैं तथा इन पर पारिवारिक जिम्मेदारी भी अधिक है। सियाराम शर्मा के अनुसार जिलों में पड़े रिक्त पदों को स्थानान्तरण से भरा जाएगा, जिसमें भारी अनियमितताएं होगी, यथा भाई-भतीजावाद, परिवारवाद, डिजायर व्यवस्था इत्यादि। स्थानान्तरणों में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगते रहे हैं। इससे शिक्षा विभाग की छवि पर भी विपरीत असर पड़ेगा। संगठन ने समस्त रिक्त पदों को दर्शाने की कार्यवाही करवाने अनुरोध किया है। पत्र की प्रति मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार, प्रमुख शासन सचिव, स्कूल शिक्षा, शासन सचिवालय जयपुर तथा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान बीकानेर को भी प्रेषित की गई है।
