Bikaner Bikaner District Rajasthan

15 दिनों में हटा देंगे अतिक्रमण

image description

15 दिनों में हटा देंगे अतिक्रमण
बीकानेर। सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिला कलेक्टर ने पिछले दिनों जैसलमेर रोड़ और उससे पहले जयपुर रोड़ पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ किए गए निरीक्षण और अब तक की गई कार्रवाई का रिव्यू किया। वहीं शाम को सड़क सुरक्षा के तहत कलेक्टर- एसपी ने बीछवाल थाने में हेलमेट का निशुल्क वितरण किया।
वैष्णो धाम के पास बन रहा एक्सीडेंट जोन
जिला कलेक्टर ने देशनोक ओवरब्रिज के पास हुए दर्दनाक हादसे को अत्यंत गंभीर मानते हुए ओवरब्रिज डिजाइन की जांच विभिन्न एजेंसियों से करवाने की बात भी कही। वहीं बैठक में आईआरईडी अधिकारी ने बताया कि जिले में जयपुर रोड़ पर वैष्णो धाम के पास और लूणकरणसर में एक्सीडेंट जोन बन रहा हैं। लिहाजा जिला कलेक्टर ने वैष्णो धाम के पास जल्द से जल्द रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं एनएचएआई के अधिकारी ने बताया कि लूणकरणसर में एक्सीडेंट जोन खत्म करने को लेकर प्लान बना लिया गया है।
बैठक में एनएचएआई पीडी ने बताया कि जैसलमेर रोड़ पर बनी सर्विस लेन और आरओडब्ल्यू ( राइट ऑफ वे ) पर अतिक्रमण आगामी 15 दिन में पुलिस बल के सहयोग से हटा दिए जाएंगे। साथ ही नेशनल हाईवे पर अवैध रूप से हटाई गई या खोली गई रेलिंग को भी बंद कर दिया जाएगा। नाल एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने रोड़ के दोनों तरफ 15 एमएम की रंबल स्ट्रिप लगाई जाएगी।
एनएच से कनेक्ट होने वाले सभी सड़कों पर बनेगे स्पीड ब्रेकर
बैठक में जिला कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनएच से कनेक्ट होने वाले सभी सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। जिला कलेक्टर ने कैमल फार्म चौराहे पर बीडीए की तरफ से हाई मास्क लाइट और साइनेज बोर्ड लगाने, हल्दीराम प्याऊ के आगे डीमार्ट के सामने सड़क पर गाड़ी पार्क करने पर नगर निगम और यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हल्दीराम प्याऊ से नापासर की ओर जाने वाली सड़क के राइट ऑफ वे पर लगे होर्डिंग्स भी हटाने के निर्देश जिला कलेक्टर ने दिए।
बैठक में पीडब्ल्यूडी एनएच एसई के नहीं आने पर जताई नाराजगी
बैठक में पीडब्ल्यूडी एनएच एसई के नहीं आने पर जिला कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। साथ ही कहा कि अगली बैठक में भी नहीं आए तो उन्हें चार्जशीट दी जाएगी। जिला कलेक्टर ने उरमूल सर्कल को छोटा करने और तीर्थस्तंभ से भुट्टो के चौराहे तक क्षतिग्रस्त रोड़ को ठीक करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए।
बीछवाल थाने में हेलमेट का किया निशुल्क वितरण
सड़क सुरक्षा को लेकर ही जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि और एसपी श्री कावेन्द्र सागर ने बीछवाल थाने में हेलमेट का निशुल्क वितरण किया। कुल 50 नागरिकों को हेलमेट का निशुल्क वितरण किया गया। साथ ही इन सभी लोगों को यातायात नियमों की पालना को लेकर जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *