

तीन दिवसीय रामलीला का मंचन 4 अप्रैल से
बीकानेर। भगवान श्रीराम जन्मोत्सव पर रामलीला का मंचन बीकानेर में आगामी 4 से 6 अप्रैल तक करणी सिंह स्टेडियम में किया जायेगा। कार्यक्रम का मंचन सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक एवं भृगु पीठाधीश्वर गोस्वामी सुशील महाराज के सान्निध्य में श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा किया जाएगा। बीकानेर से पूर्व इस रामलीला का मंचन राजस्थान सहित भारत के शहरों व विश्व के अलग-अलग देशों में किया जा चुका है। जोधपुर में यह रामलीला बीते 24 वर्षों से आयोजित की जा रही है। इस भव्य रामलीला के कार्यक्रम की जिम्मेदारी श्रीराम जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष दीपक गौड़ व उपाध्यक्ष ध्रुव शर्मा, अल्का पारीक, कोषाध्यक्ष नारायण उपाध्याय, महामंत्री अशोक प्रजापत एवं मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी पवन भोजक को सौंपी गई है।
भृगु पीठाधीश्वर गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि यह बीकानेरवासियों का सौभाग्य है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की भव्य रामलीला का का मंचन देखने का अवसर मिलेगा। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर इस ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगा। श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा किए जा रहे इस आयोजन से निश्चित ही हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को बल मिलेगा। रामलीला का मंचन न केवल श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोडऩे में सहायक होगा।
श्रीराम जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष दीपक गौड़ ने बताया कि लगभग 100 से अधिक कलाकारों द्वारा इस रामलीला का मंचन किया जाएगा। 325 फुट लम्बे व 80 फुट चौड़े बहुमंजिला विशाल रंगमंच पर प्रभु श्रीराम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के जीवन चरित्र का सजीव मंचन किया जाएगा।
