Bikaner Bikaner District Rajasthan

आजीवन अधिगम और एक स्वास्थ्य विषयक राष्ट्रीय सेमिनार 20 को

भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ और राजूवास के संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन
बीकानेर। भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ नई दिल्ली तथा पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 20 मार्च को विश्वविद्यालय के सभागार में एकदिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार ‘आजीवन अधिगम और एक स्वास्थ्य’ का आयोजन किया जाएगा।
बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास ने रविवार को सर्किट हाउस में सेमिनार से जुड़े पोस्टर का विमोचन किया। विधायक ने कहा कि सीखना मनुष्य की सतत प्रक्रिया है प्रत्येक व्यक्ति को औपचारिक और अनौपचारिक रूप से नया ज्ञान सीखते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेमिनार में देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ इससे जुड़े विषयों पर अपनी राय रखेंगे, जो कि युवाओं के लिए ज्ञानवर्धक होगा।
राजूवास के प्रो-वीसी डॉ. हेमंत दाधीच ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा सतत रूप से जनोपयोगी विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सेमिनार में शोध विद्यार्थियों, पेशेवरों, विषय विशेषज्ञों की भागीदारी रहेगी।
सेमिनार संयोजक राजेंद्र जोशी ने बताया कि सेमिनार के दौरान पांच सत्र होंगे। उद्घाटन और समापन सत्र के अलावा तीन तकनीकी सत्र होंगे, जिनमें विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेमिनार के लिए देशभर से लोगों की भागीदारी रहेगी। उन्होंने सभी व्याख्यानों के विषय की जानकारी दी।
उद्यमी राजेश गोयल ने आभार जताया। इस दौरान जनसम्पर्क विभाग के उपनिदेशक हरिशंकर आचार्य, राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. रामलाल पड़िहार, राजा राम स्वर्णकार, ज्ञान गोस्वामी और डॉ. फारूक चौहान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *