

5 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की मरम्मत के कार्य प्रस्तावित
जयपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों पर सुविधाओं का विस्तार करने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष में 5 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की मरम्मत का कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि बजट घोषणा 2024 -25 के क्रम में प्रदेश के 2 हजार 365 केंद्रों को आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन मरम्मत, सुदृढ़ीकरण, विद्युत् फिटिंग, विद्युत् उपकरण, बाल सुलभ शौचालय, बाल सुलभ फर्नीचर, पोषण वाटिका एवं अन्य आवश्यक कार्य किये जा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों पर जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में समय-समय पर वृद्धि की जाती है। वर्ष 2025 -26 की बजट घोषणा के क्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को देय मानदेय में आगामी वर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि किया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही इनकी सेवानिवृति पर एकमुश्त ग्रेच्युटी का प्रावधान किया जाना भी प्रस्तावित है। वर्तमान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के नियमितीकरण के सम्बन्ध में कोई प्रस्ताव विचारधीन नहीं है।
