

छात्राओं ने किया सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक का दौरा
बीकानेर/बज्जू। मरू एकता छात्रावास की छात्राओं ने आज सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक, बज्जू का शैक्षिक दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य छात्राओं को बैंकिंग प्रक्रियाओं, सहकारी बैंकिंग की कार्यप्रणाली और वित्तीय साक्षरता के महत्व से परिचित कराना था। बैंक के अधिकारियों ने छात्राओं का स्वागत किया और उन्हें बैंकिंग सेवाओं की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बचत खाते खोलने, लोन की प्रक्रिया, फिक्स्ड डिपॉजिट, डिजिटल बैंकिंग और सहकारी बैंकों की विशिष्टताओं के बारे में विस्तार से बताया। बैंक शाखा प्रबंधक जनक तनेजा ने कहा कि सहकारी बैंकिंग ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हम चाहते हैं कि गांव की लड़कियां भी वित्तीय मामलों में आत्मनिर्भर बनें और बैंकिंग का लाभ उठाये। छात्राओं ने इस दौरान विभिन्न बैंकिंग प्रक्रियाओं को समझने में रुचि दिखाई और कई सवाल पूछकर जानकारी प्राप्त की।
छात्राओं ने इस दौरे को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि वे अब अपने बैंक खाते खोलने और छोटी-छोटी बचत करने के लिए प्रेरित हुई हैं। इस पहल से ग्रामीण लड़कियों में आर्थिक जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा और वे आत्मनिर्भरता की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ा सकेंगी।
