

समाजोत्थान पर सैकड़ों युवा करेंगे मंथन
बीकानेर। समाज के विकास और एकजुटता को लेकर गोपेश्वर बस्ती स्थित शिव पार्वती भवन में रविवार, 2 मार्च को माली सैनी युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। माली सैनी सामूहिक विवाह संस्थान के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में समाज के सैकड़ों युवा शिक्षा, करियर मार्गदर्शन, युवा सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। संस्थान के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम समाज के युवाओं को एकजुट कर सामाजिक प्रगति की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। संस्थान के कोषाध्यक्ष मुरली गहलोत ने कहा कि इस कार्यक्रम में युवा अपने सुझाव और विचार लिखित रूप में साझा करेंगे, जिससे समाज के विकास की ठोस योजना बनाई जा सके। कार्यक्रम में संत श्री श्यामसुंदर जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, वहीं समाज के वरिष्ठ जन भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
