Bikaner Bikaner District Rajasthan

एसकेआरएयू का दीक्षांत समारोह सोमवार को

पेमासर में किसानों से होगा संवाद
बीकानेर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय का इक्कीसवां दीक्षांत समारोह सोमवार 24 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। कुलपति डॉ अरुण कुमार ने बताया कि 24 फरवरी को विश्वविद्यालय के विद्या मंडप सभागार में आयोजित होने वाले 21वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे करेंगे। इस समारोह में 1480 विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक उपाधि प्रदान की जाएगी। कुलपति ने बताया कि समारोह के दीक्षांत अतिथि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक एवं कृषि अनुसंधान व शिक्षा विभाग के पूर्व सचिव डॉ. मंगला राय होंगे। विशिष्ट अतिथि महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर एवं श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के पूर्व कुलपति डॉ. नरेन्द्र सिंह राठौड़ होंगे।कार्यक्रम में स्व. रामनारायण चौधरी कृषि महाविद्यालय, मंडावा, झुंझुनू के महाविद्यालय भवन, छात्रावास भवन तथा विश्वविद्यालय के परिसर स्थित आपणो कृषि बाजार का लोकार्पण भी राज्यपाल द्वारा किया जाएगा।
समारोह के पश्चात राज्यपाल हरिभाऊ बागडे यूएसआर ग्राम पेमासर में विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जाने वाली कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इस दौरान राज्यपाल पेमासर में किसानों के साथ संवाद भी करेंगे। कुलपति ने बताया कि यूएसआर ग्राम के तहत पेमासर में विश्वविद्यालय द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न उत्पाद बनाना सिखाया गया है तथा इन सामानों के विपणन से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *