

धर्म को सिर पर नहीं, सिर में धर्म रखो : सिद्धेश्वर गुरुवर
बीकानेर। विश्वास पर कोई प्रश्न नहीं होना चाहिए.. तुम प्रहलाद जैसा विश्वास रखना, तुम द्रोपदी जैसा विश्वास रखना और विश्वास में संशय न हो, फिर देखो ईश्वर तुम्हारा विश्वास टूटने नहीं देगा। यह उद्गार रविवार शाम को महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित कल्याण महोत्सव में सिद्धगुरु श्री सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षि गुरुवर ने व्यक्त किए।
सिद्धगुरु श्री सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षि गुरुवर स्वागत समारोह समिति द्वारा आयोजित इस कल्याण महोत्सव के आयोजक प्रकाश पुगलिया ने बताया कि यह बीकानेरवासियों का सौभाग्य है कि गुरुवर की मंगलवाणी व दिव्य आशीर्वाद मिला है। कार्यक्रम आयोजक एवं श्री ब्रह्मर्षि आश्रम तिरुपति के नेशनल मीडिया प्रेजीडेंट रवि पुगलिया ने बताया कि कल्याण महोत्सव में केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने वर्चुअल उद्बोधन दिया तथा गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुवर ने कहा कि खुशी से जीओ, धर्म से जीओ। धर्म को सिर पर नहीं, धर्म को सिर में रखो। सिर से आत्मा में और आत्मा से आचरण में डालो। हमारी वाणी नहीं हमारा जीवन भी बोलना चाहिए। राम का आचरण बताता है धर्म की परिभाषा।
समारोह की अध्यक्षता गणेश छल्लाणी द्वारा की गई। कार्यक्रम में विक्रम डागा, महेश अग्रवाल तथा डॉ. हितेंद्र जैन का गेस्ट ऑफ ऑनर रहा। समारोह का संचालन रवि पुगलिया ने किया।
