Bikaner Bikaner District Rajasthan

बाजार से सब्जी खरीदकर वापस घर लोट रहे बाइक सवार को निजी बस ने कुचला

बाजार से सब्जी खरीदकर वापस घर लोट रहे बाइक सवार को निजी बस ने कुचला
बीकानेर। नोखा बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहे बाइक सवार युवक को निजी बस ने पीछे से टक्कर मार दी। बस के नीचे आने से बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हादसे में युवक की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे नोखा में रोड़ा रोड स्थित गोदारा पेट्रोल पंप के पास हुई। नोखा थानाधिकारी अमित स्वामी ने बताया कि राजेश भट्टड़ (38) दोपहर को अपने गांव रोड़ा से करीब चार किलोमीटर दूर नोखा आया था। बाजार से सब्जी खरीदने के बाद वह घर लौट रहा था। इस दौरान गोदारा पेट्रोल पंप के पास सवारियों से भरी एक निजी बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बस के नीचे फंसकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक भी बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने निजी वाहन की मदद से घायल को नोखा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *