

24-25 अक्टूबर को चर्म रोग विशेषज्ञों का 47वां राज्य स्तरीय सम्मेलन
बीकानेर। चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन का 47वां राज्य स्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन 24 एवं 25 अक्टूबर को बीकानेर में आयोजित होगा। सम्मेलन में देश-विदेश के ख्यातनाम चर्म रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी भाग लेंगे। आयोजन के दौरान आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नई औषधियों के उपयोग, त्वचा रोगों के निदान एवं उपचार तथा आमजन को सस्ती और सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक चर्चा की जाएगी। यह सम्मेलन चर्म रोगों के उपचार में नवीनतम चिकित्सा तकनीकों एवं शोध संबंधी जानकारियों के आदान-प्रदान के साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करेगा।
