Bikaner Bikaner District

ग्रामीणों को दी वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की जानकारी, नर्सरी का किया निरीक्षण

ग्रामीणों को दी वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की जानकारी, नर्सरी का किया निरीक्षण
बीकानेर। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री जसवंत सिंह ने गुरुवार को नोखा में वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया। उन्होंने नोखा पंचायत समिति में आयोजित उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में शिरकत की और नगर पालिका सभागार में आयोजित किसान गोष्ठी में ग्रामीणों को वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान के बारे में बताया।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने नर्सरी के निरीक्षण के दौरान आगामी दिनों में होने वाले पौधारोपण की तैयारियों की बारे में जाना। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान, राज्य सरकार का महत्वपूर्ण अभियान है। इसका क्रियान्वयन पूर्ण गंभीरता से किया जाए। पौधारोपण से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते कर लें तथा इसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करें। पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित त्रिस्तरीय जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण हो। इसमें किसी स्तर पर कोताही नहीं हो।
नगर पालिका सभागार में आयोजित किसान संगोष्ठी के दौरान अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 5 से 20 जून तक ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जल संरक्षण और जल संग्रहण स्त्रोतों के रखरखाव के प्रति आमजन को जागरुक करना है। उन्होंने अब तक हुई गतिविधियों के बारे बताया और उद्यानिकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी दी। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ने नगर पालिका द्वारा प्रतिमाओं और नगरीय क्षेत्र में विभिन्न सफाई कार्यों का निरीक्षण भी किया। आमजन को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *