Bikaner Bikaner District Rajasthan

हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में निकले ताजियों को अकीदत से किया ठंड़ा

????????????????????????????????????

हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में निकले ताजियों को अकीदत से किया ठंड़ा
बीकानेर। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में शनिवार को विभिन्न मोहल्लों में व्यक्तिगत व सामाजिक स्तर पर निकले ताजियों को रविवार को दो कर्बलाओं व मुकामी स्थल (ताजिया बैठने के स्थल) पर मर्सिया खानी करते हुए अकीदत (श्रद्धा) से ठंडे किए गए। अनेक स्थानों पर हलीम, लस्सी, आइसक्रीम, ड्राई फ्रूट, टॉफी, विभिन्न तरह के शरबत का निःशुल्क वितरण किया । जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने ताजियों के जुलूस के दौरान शांति एवं व्यवस्थाओं को बनाने में सहभागिता निभाई। अनेक लोगों ने शनिवार व रविवार को रोजा रखा।
सर्वाधिक ताजियों को चौखूंटी क्षेत्र की कर्बला में ठंडा किया गया। इनमें मोहल्ला चूनगरान के कलात्मक व सरसों के हरियाले ताजिए, पन्नी, थर्माकोल आदि से बने ताजिए शामिल थे। चौखूंटी क्षेत्र की कर्बला में रामपुरा, धोबी तलाई, मोहल्ला खटिकान, मोहल्ला व्यापारियान, चूनगरान, महावतपुरा, सिक्कान, फरासान, न्यायारियान, मोहल्ला महावतान, नाइयान के ताजियों को ठंडा किया गया। वहीं सोनगिरि कुएं के पास डीडू सिपाहियों के मिट्टी के, मोहल्ला चड़वान, उस्तान, गुर्जरान के ताजियों को मुकामी स्थल पर मर्सियाखानी के बाद नारा ए तकबीर लगाते हुए ठंडा किया गया। सुजानदेसर मार्ग के पास की जनता प्याऊ के पास की कर्बला में छीपान, पिंजारान, दमामियान आदि बड़ा बाजार क्षेत्र के ताजियों को ठंडा किया गया।
मोहल्ला व्यापारियान, चूनगरान, शीतला गेट क्षेत्र में ताजियों के जुलूस के कारण घरों की छतों पर व मार्ग में लोगों का हजूम जमा था। खीचिया, पकौड़े, आदि खान पान की वस्तुओं खिलौनों आदि की अनेक दुकानें लगी थी। दाऊजी रोड व पीर मार्ग पर अंजुमन इंतजामिया कमेटी की ओर से उद्घोषणा की जा रही थी। नगर निगम के पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद, कमेटी के सदर रमजान कच्छावा, अब्दुल मजीद खोखर आदि ने कलात्मक ताजियों का निर्माण करने वाले ताजियादारों को पुरस्कृत किया। हाजी मकसूद ने इस अवसर पर एक शेर ’’ मातम को आप जश्न की सूरत ना दीजिए, शोहदा-ए-कर्बला का येही एहतराम (संदेश) सुनाया।
मोहल्ला व्यापारियान में हुसैनी कमेटी के चार सौ कार्यकर्ताओं जिसमें किशोर, युवा व प्रौढ़ शामिल थे, बाजू पर बिल्ला लगाएं हाथ में हरी लाठी लिए हुए भीड़ को नियंत्रित करने में सहभागिता निभाई। खिदमतगार खादिम सोसायटी की ओर से 150 किलो मी 26 बर्फ की सिल्ली से पानी को ठंडा कर पिलाया। मोहल्ला व्यापारियान में ही मरहूम अल्ला बक्स, मोहम्मद सलीम (पूर्व प्रैस अटैची मुख्यमंत्री राजस्थान) परिवार की ओर से गुलाब का शरबत पिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *