

माहेश्वरी समाज कल मनाएगा महेश नवमी महोत्सव, शोभायात्रा सहित होंगे विभिन्न आयोजन
बीकानेर। माहेश्वरी समाज बीकानेर द्वारा माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी पर्व को कल श्रद्धा, उत्साह एवं उल्लास के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा। समाज के शिव प्रसाद राठी, सत्यनारायण राठी, सुशील करनानी एवं किशन चांडक ने बताया कि महेश नवमी उत्सव का शुभारंभ मरूनायक चौक स्थित माहेश्वरी मंडल कार्यालय में भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात बिनानी बगीची में भगवान का अभिषेक एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। उन्होंने बताया कि महेश भवन से आकर्षक एवं सुसज्जित झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार महेश नवमी पर्व को लेकर समाज में विशेष उत्साह का माहौल है। पर्व के दौरान भगवान महेश की आराधना, धार्मिक अनुष्ठान एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से समाज की एकता एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का संदेश दिया जाएगा।
