

शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती-2022: 1400 अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थायीकरण की प्रक्रिया पूर्ण, शेष मामलों पर कार्रवाई जारी
जयपुर। शारीरिक शिक्षा अध्यापक ग्रेड-III सीधी भर्ती-2022 के अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थायीकरण को लेकर प्रकाशित समाचारों के बीच शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पात्र अभ्यर्थियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग के अनुसार भर्ती-2022 में चयनित एवं नियुक्त अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच, एसओजी द्वारा इंगित बिंदुओं के संदर्भ में करवाने के लिए संभाग स्तर पर विशेष समितियों का गठन किया गया था। इन समितियों द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्टों का राज्य स्तरीय समिति ने विस्तृत परीक्षण किया। राज्य स्तरीय समिति की अनुशंसा के आधार पर पात्र पाए गए अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थायीकरण के लिए शासन स्तर से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधीनस्थ कार्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार भर्ती में चयनित लगभग 2100 अभ्यर्थियों में से करीब 1400 अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थायीकरण के संबंध में संभागीय कार्यालयों को सूचित किया जा चुका है। वहीं लगभग 750 अभ्यर्थियों के मामलों में समिति की बैठक के उपरांत आवश्यक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पात्र अभ्यर्थियों के वेतन नियमितीकरण एवं स्थायीकरण की प्रक्रिया वर्तमान में भी जारी है। आवश्यक प्रशासनिक एवं विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद संबंधित नियुक्ति अधिकारियों द्वारा नियमानुसार आदेश जारी किए जा रहे हैं।
