

राज्य यूथ आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप संपन्न, नागौर ने जीते कई स्वर्ण पदक
बीकानेर। प्रथम राजस्थान राज्य यूथ आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप का समापन करणी सिंह इंडोर स्टेडियम में हुआ। जिला जिम्नास्टिक संघ, बीकानेर की ओर से राजस्थान स्टेट जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में महापौर अनिल कल्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कल्ला ने युवा खिलाड़ियों से सहजता एवं आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबलों के परिणाम घोषित किए गए। विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। टीम स्पर्धाओं में नागौर की टीम ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं बीकानेर की टीमों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। बीकानेर ने अंडर-एज ग्रेड 7 एवं ग्रेड 8 बालक वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए। इसके अलावा ग्रेड 8 बालिका एवं ग्रेड 9 बालक वर्ग में पांचवां तथा ग्रेड 9 बालिका वर्ग में सातवां स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर चेन सिंह राठौड़, सुधीश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
