

दो दिवसीय मग धर्म संसद में सौर धर्म यज्ञ महोत्सव सम्पन्न, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
बीकानेर। पीआरसी के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय मग धर्म संसद के अंतर्गत सौर धर्म यज्ञ महोत्सव का आयोजन शैलेश पाठक के संयोजन में सौर धर्म प्रेमीजनों के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। आयोजन के दौरान धार्मिक एवं वैचारिक वातावरण के बीच विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर वैचारिक समागम का भी आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में रघुवंश भूषण आचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बीकानेर के आर.के. शर्मा, आजमगढ़ के राजेश मिश्र, मुंबई के प्रभु प्रकाश शर्मा, पंडित लक्ष्मीकांत कौशिक, कामिनी भोजक एवं बिहारी लाल वशिष्ठ विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम के दौरान सौर धर्म के प्रचार-प्रसार एवं समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए आर.के. शर्मा को “सौरधर्म रत्न” अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं श्रीराम शर्मा तथा गणेशमल शर्मा-शांति शर्मा को “आदित्य प्रेरणा सम्मान” से विभूषित किया गया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए सौर धर्म के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
