

विश्व बंजारा दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी
बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के तत्वाधान में विश्व बंजारा दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी आयोजित हुई जिसका विषय गौरव हमारा बंजारा हमारा रखा गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मेघना शर्मा थी। अध्यक्षता डॉ प्रभुदान चारण द्वारा की गई।
मुख्य वक्ता तुलसाराम बंजारा ने बंजारा समाज, संस्कृति तथा ऐतिहासिक परिपेक्ष को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि हड़प्पा सभ्यता से पूर्व से वर्तमान तक बंजारा समुदाय प्रकृति व संस्कृति का संवाहक रहा है। डॉ. खुशाल पुरोहित ने बंजारा समुदाय पर शोध की आवश्यकता जताते हुए नज़ीर अकबराबादी की बंजारानामा से काव्य पाठ किया । विशिष्ट अतिथि डॉ. रितेश व्यास ने बंजारा समुदाय द्वारा किए जलसंरक्षण के विषय पर गंभीर चर्चा की। रीना यादव ने बंजारा समुदाय के द्वारा नमक व्यापार पर पत्रवाचन किया।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मेघना शर्मा ने विश्व इतिहास में बंजारों का योगदान बताते हुए बंजारा संस्कृति की महिलाओं की जिजीविषा को रेखांकित किया तो डॉ. प्रभु दान चारण ने पर्यावरण संरक्षण एवं वनस्पति ज्ञान में बंजारों के योगदान पर चर्चा की।डॉ. रिंकू जोशी, किरण एवं यूजीसी फेलो पूनम चौधरी, बजरंग कलवानी, तेजपाल भारती, उमेश पुरोहित व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. गोपाल कृष्ण व्यास द्वारा दिया गया।
