

1 लाख 88 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार देकर उनके सपनों को साकार करना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी भर्तियों को निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से नियत समय में पूरा कराने के लिए हम कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सवा साल के अल्प कार्यकाल में ही 5 रोजगार मेलों का आयोजन कर अब तक 67 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है। भविष्य में हर तीन माह में ऐसे मेलों का आयोजन कर युवाओं को नियुक्ति का तोहफा दिया जाएगा।
न्यायालय में लंबित लगभग 9 हजार 800 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ी
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने लंबे समय से न्यायालय में लंबित लगभग 9 हजार 800 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को प्रभावी पैरवी करवाकर आगे बढ़ाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालय में लंबित अन्य भर्ती प्रकरणों का भी विधिवत परीक्षण करवाकर उनका शीघ्र निस्तारण करवाया जाए, जिससे राज्य के युवाओं के रोजगार का इंतजार जल्द से जल्द खत्म हो सके।
आगामी वर्षों की आवश्यकता को ध्यान में रखकर करें भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में मानव संसाधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। मानव संसाधन की आवश्यकता को पूरा करने के लिए आवश्यक है कि सभी विभाग आगामी वर्षों की आवश्यकता तथा भविष्य में खाली होने वाले पदों को ध्यान में रखकर भर्तियां आयोजित करें। उन्होंने इन भर्तियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए सभी विभागों को मिशन मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए।
