Bikaner Bikaner District Rajasthan

राजीविका स्वयं सहायता समूह के जरिए वोकल फॉर लोकल को दे बढ़ावा

राजीविका स्वयं सहायता समूह के जरिए वोकल फॉर लोकल को दे बढ़ावा
बीकानेर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने कहा कि अधिकारीगण जनता के सेवक के रूप में कार्य करें। फरियादी की तत्काल सुनवाई करें। ऐसा ना हो कि फरियादी को ऑफिस के बाहर अनावश्यक रूप से 2-2 घंटे बिठाए रखे। अगर कोई काम होने वाला हो तो तत्काल करें और नहीं होने वाला हो तो ना कह दें। फरियादी को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर ना लगवाएं।
जिला स्तरीय अधिकारी महीने में एक बार प्रत्येक ब्लॉक में जाएं
गहलोत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ’’वंदे गंगा’’ जल संरक्षण-जन अभियान समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभागों की समीक्षा बैठक ले रहे थे। श्री गहलोत ने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी महीने में एक बार प्रत्येक ब्लॉक में जाएं और वहां स्थानीय विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मीटिंग कर समस्याओं का तत्काल निस्तारण करें। इससे सरकार का परसेप्शन चेंज होगा। यह अधिकारियों के सहयोग से ही संभव है।
राजीविका के जरिए वोकल फॉर लोकल को दे बढ़ावा
गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के वोकल फॉर लोकल अभियान की तर्ज पर जिले में सभी विभाग, एसडीएम, बीडीओ सरकारी खरीद में राजीविका के स्वयं सहायता समूहों ( एसएचजी) के उत्पादों को बढ़ावा दें। इससे महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण होगा।
खेत में से बिजली की ट्रांसमिशन लाइन गुजरने पर मिलेगा मुआवजा
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि खेतों में से बिजली की ट्रांसमिशन लाइन गुजरने पर किसान को मुआवजा दिया जा रहा है। इसकी जानकारी किसानों तक पहुंचे। विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए कार्यों में देरी करने वाली ठेका कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने, सब सेंटर, चिकित्सालय बंद ना रहने, भामाशाहों को मंदिर इत्यादि गोद देकर उनके जीर्णोद्घार में सहयोग लेने को कहा।उन्होंने कहा कि पुलिस में भर्ती के समय जो शपथ लेते हैं उसे रिटायरमेंट तक निभाएं। अपराधियों में पुलिस का खौफ व आमजन में विश्वास हो। अगर कोई महिला रात को 12 बजे भी बाहर निकले तो उसे विश्वास हो कि उसे कोई परेशानी नहीं आएगी। श्री गहलोत ने बैठक के बाद नशा मुक्ति पोस्टर का विमोचन किया। साथ ही अहमदाबाद प्लेन क्रैश हादसे को लेकर दो मिनट का मौन रखा।
बैठक में खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल, जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि, श्रीमती सुमन छाजेड़, जिला परिषद सीईओ श्री सोहनलाल, नगर निगम आयुक्त श्री मयंक मनीष, बीडीए आयुक्त श्रीमती अपर्णा गुप्ता, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, एडीएम प्रशासन श्री रामावतार कुमावत, अतिरिक्त मुख्य अभियंता वाटरशैड श्री भूप सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री एलडी पंवार समेत सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *