Bikaner Bikaner District Rajasthan

प्लास्टिक जब्ती का चला अभियान, हर्षोलाब सहित विभिन्न स्थानों पर की सफाई

 प्लास्टिक जब्ती का चला अभियान, हर्षोलाब सहित विभिन्न स्थानों पर की सफाई
बीकानेर। ‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत गुरुवार को नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता, हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की गईं। नगर निगम आयुक्त श्री मयंक मनीष ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों द्वारा जल संरक्षण की शपथ से हुई। इस दौरान स्वच्छता और प्लास्टिक उन्मूलन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया गया। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार वल्लभ गार्डन, सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट के पास तथा हर्षोलाब तालाब के आसपास के क्षेत्रों में कुल 250 से अधिक गड्ढों की खुदाई पौधारोपण के लिए की गई। आयुक्त ने ‘हरियाळो राजस्थान’ मिशन को गति देते हुए और अधिक पौधारोपण की योजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी श्रृंखला में शहर के प्रमुख जल निकायों, विशेष रूप से हर्षोलाब तालाब सहित अन्य जलस्रोतों की सफाई की गई। इसी क्रम में शहर की सभी प्रमुख मूर्तियों की विशेष सफाई कराई गई। नगर आयुक्त ने इन गतिविधियों की निरंतरता बनाए रखने और हर सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखने के निर्देश दिए। प्लास्टिक मुक्त बीकानेर की दिशा में ठोस कदम उठाते हुए नगर निगम द्वारा गुरुवार को फड़ बाजार क्षेत्र में चालान कार्यवाही की गई। इस दौरान 138.800 किलोग्राम पॉलीथिन/प्लास्टिक जब्त की गई एवं छह हजार रुपए शास्ति वसूल की गई। कार्यवाही के दौरान लोगों को प्लास्टिक के स्थान पर उपयोग के लिए कपड़े के थैले वितरित किए गए और जब्त की गई प्लास्टिक सामग्री का निस्तारण भी सुनिश्चित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *