Bikaner Bikaner District Rajasthan

अजेय वॉरियर संयुक्त अभ्यास का महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में समापन

अजेय वॉरियर संयुक्त अभ्यास का महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में समापन
बीकानेर। बीकानेर में महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित भारत- यूके संयुक्त सैन्य अभ्यास अजेय वारियर-25 30 नवंबर 2025 को संपन्न हुआ। संयुक्त राष्ट्र द्वारा परिभाषित परिदृश्यों के अनुरूप अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आतंकवाद-रोधी अभियानों पर केंद्रित यह पंद्रह-दिवसीय प्रशिक्षण दोनों सेनाओं के बीच बढ़ते सामरिक तालमेल, पेशेवर क्षमता और संयुक्त ऑपरेशनल तैयारी का प्रभावशाली प्रमाण रहा। अभ्यास के आठवें संस्करण में दोनों सेनाओं के कुल 240 चयनित सैनिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस संयुक्त अभ्यास में भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट तथा यूके सेना की रॉयल गोरखा रेजिमेंट के सैनिकों ने उन्नत सामरिक युद्धाभ्यास, हेलीबोर्न ऑपरेशन, रूम-इंटरवेंशन, कॉर्डन-एंड-सर्च ड्रिल, संयुक्त योजना सत्र और ऑपरेशनल चर्चाओं में हिस्सा लिया। वेलिडेशन फेज के दौरान दोनों टुकड़ियों द्वारा प्रदर्शित उच्च स्तरीय इंटर ऑपरेबिलिटी, सटीकता और संयुक्त ऑपरेशनल क्षमता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
समापन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैनिकों के सम्मान ने दोनों सेनाओं के बीच विकसित हुई सौहार्दपूर्ण भावना और आपसी विश्वास को और प्रगाढ़ किया। आत्मनिर्भर भारत की भावना को बल देते हुए स्वदेशी हथियार प्रणालियों की एक विशेष उपकरण प्रदर्शनी भी समारोह का हिस्सा रही, जिससे भारत की बढ़ती रक्षा-निर्माण क्षमता का प्रदर्शन हुआ। अजेय वारियर-25 ने भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच मजबूत और दीर्घकालीन रक्षा सहयोग को नई ऊर्जा प्रदान की है, साथ ही वैश्विक शांति, स्थिरता और सुरक्षा के लिए दोनों राष्ट्रों की साझा प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *