

रिटायर्ड बैंक कर्मचारियों की बैठक में पेंशन अपडेशन सहित मुद्दों पर चर्चा
बीकानेर। ऑल इंडिया रिटायर्ड बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन की केन्द्रीय समिति की बैठक अजमेर में आर.एल. राव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशन अपडेशन, न्यायालय में लंबित प्रकरणों सहित सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महासचिव (बीकानेर) एन.एल. पंचारिया ने बताया कि संगठन की राजस्थान स्टेट यूनिट के अध्यक्ष जोधपुर के गोपाल सिंह चौधरी, महासचिव बीकानेर के आर.के. शर्मा तथा कोषाध्यक्ष बीकानेर के के.एन. जोशी को नियुक्त किया गया। बैठक में सी.एल. जांगिड़, सूरज नारायण लखोटिया, राजेश त्यागी, विजय वासुदेव, बीकानेर के भूदेव शर्मा, सैयद मुश्ताक अली, ब्यावर के बीरमलाल पालोटिया, जोधपुर के डी.के. परियानी एवं ए.के. पुंगलिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अजमेर, जोधपुर, बाड़मेर, ब्यावर एवं श्रीगंगानगर के पदाधिकारियों ने भाग लेकर संगठन को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
