

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को एमजीएसयू में मिलेगा निःशुल्क प्रवेश
बीकानेर। विधायक जेठानंद व्यास की अनुशंसा पर महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू) में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को संचालित पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रबंध बोर्ड की बुधवार को आयोजित बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। विधायक व्यास ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिताओं, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स तथा वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रवेश देने की अनुशंसा की थी। प्रबंध बोर्ड की बैठक में इस अनुशंसा को स्वीकार करते हुए खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रवेश देने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय के इस निर्णय पर जिले के खिलाड़ियों ने आभार व्यक्त किया है। खिलाड़ियों ने कहा कि यह निर्णय उनके शैक्षणिक भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। साथ ही, खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और वे शिक्षा के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकेंगे।
