

रबी गुण नियंत्रण अभियान के तहत कृषि विभाग की कार्रवाई, अनियमितताओं पर होगी सख्ती
बीकानेर। कृषि विभाग ने श्रीडूंगरगढ़ स्थित जीएसएसएस लि., दुलचासर का उर्वरक पंजीयन प्रमाण पत्र तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। विभाग ने यह कार्रवाई अनियमितताएं पाए जाने तथा लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा के बाद नियमानुसार की है। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) मदन लाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), श्रीडूंगरगढ़ ने पत्र भेजकर संबंधित फर्म का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की थी। इस अनुशंसा और अनियमितताओं के आधार पर विभाग ने अपनी प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए फर्म का उर्वरक पंजीयन प्रमाण पत्र निलंबित करने का निर्णय लिया। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग की ओर से विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। साथ ही, उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग रोकने के लिए विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कृषि आदान विक्रेताओं के स्तर पर किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
