

बीकानेर सहित कई जिलों में कार्रवाई अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान, 488 मामले दर्ज, 78 गिरफ्तार
जयपुर/बीकानेर। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार अन्य राज्यों से आने वाली मदिरा तथा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी निरोधक दलों द्वारा नाकाबंदी, गश्त और छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
चार दिन में 488 मामले दर्ज, 78 गिरफ्तार
विशेष अभियान के तहत 1 से 4 नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्रवाई करते हुए 488 अभियोग दर्ज किए गए तथा 78 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 3 लाख 38 हजार 966 रुपए कीमत की 1,246 लीटर देशी मदिरा, 5 लाख 62 हजार 890 रुपए कीमत की 7,054 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा तथा 85 हजार 65 रुपए कीमत की 370 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा 4,049 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई तथा 98 हजार 365 लीटर वॉश नष्ट किया गया। अभियान के दौरान छह दुपहिया वाहन भी जब्त किए गए।
बीकानेर सहित कई जिलों में कार्रवाई
बीकानेर जिले के खाजूवाला, लूणकरणसर एवं बीकानेर शहर में कार्रवाई करते हुए देशी मदिरा के 333 पव्वे जब्त कर अभियोग दर्ज किए गए। जोधपुर ग्रामीण में देशी मदिरा के 62 पव्वे, पीपाड़ में 25 पव्वे और फलोदी में 21 पव्वे जब्त किए गए। लूणी क्षेत्र में दो लीटर हथकड़ मदिरा भी जब्त की गई।
दौसा में 2,500 लीटर वॉश नष्ट करने के साथ पांच मदिरा भट्टियां ध्वस्त की गईं तथा 55 लीटर अवैध हथकड़ मदिरा जब्त की गई। नागौर जिले के मेड़ता में 1,500 लीटर वॉश नष्ट कर 57 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। परबतसर, डीडवाना, बिछावा एवं नावां में भी अवैध हथकड़ मदिरा जब्त करने के साथ वॉश नष्ट किया गया।
राजसमंद के देवगढ़ एवं कामलीघाट में कार्रवाई के दौरान 150 लीटर वॉश नष्ट किया गया तथा देशी मदिरा के 27 पव्वे और पांच लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में 1,500 लीटर वॉश नष्ट करने के साथ अवैध हथकड़ मदिरा जब्त की गई। इसी क्रम में श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में हाईवे पर अवैध साइन बोर्ड एवं विज्ञापन बोर्ड के खिलाफ कार्रवाई की गई। झुंझुनूं, झालावाड़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। आबकारी विभाग की ओर से अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी है।
