Bikaner Bikaner District Rajasthan

बीकानेर जोन राजस्व वृद्धि में प्रदेश में दूसरे स्थान पर, अक्टूबर में दर्ज की 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी

बीकानेर जोन राजस्व वृद्धि में प्रदेश में दूसरे स्थान पर, अक्टूबर में दर्ज की 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी
बीकानेर। आबकारी विभाग की अक्टूबर माह की राजस्व समीक्षा में बीकानेर जोन ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। गत वर्ष की तुलना में अक्टूबर माह में बीकानेर जोन की राजस्व वृद्धि 30 प्रतिशत से अधिक रही। जोधपुर जोन 29.93 प्रतिशत राजस्व वृद्धि के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में राजस्व प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नवंबर माह में भी बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि पंचायतराज चुनावों के तहत आदर्श आचार संहिता की पालना और दीपावली पर्व के मद्देनजर अन्य राज्यों से अवैध मदिरा की तस्करी, अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना जरूरी है। उन्होंने आबकारी निरोधक दलों को मुखबिर तंत्र की सहायता से नेशनल हाईवे, होटल, ढाबों और समारोह स्थलों पर अवैध मदिरा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अक्टूबर माह की कुल राजस्व वृद्धि 24.30 प्रतिशत रही। जोनवार प्रदर्शन में जोधपुर के बाद बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर एवं कोटा का स्थान रहा। वहीं, 30 प्रतिशत से अधिक राजस्व वृद्धि दर्ज करने वाले जिलों में डूंगरपुर, नागौर, बीकानेर, झुंझुनूं, जोधपुर, बाड़मेर, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़ और सिरोही शामिल रहे। आबकारी आयुक्त ने प्रदेश में 1 से 7 नवंबर तक संचालित विशेष निरोधात्मक अभियान की समीक्षा करते हुए अवैध मदिरा की तस्करी, हथकड़ शराब के निर्माण, नकली शराब और बिना लाइसेंस मदिरा बिक्री के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *