Bikaner Bikaner District Rajasthan

25 दिनों से सीवरेज जाम, ग्रामीणों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

25 दिनों से सीवरेज जाम, ग्रामीणों ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
बीकानेर। निकटवर्ती गांव उदासर में स्कूल के पास पिछले 20-25 दिनों से सीवरेज लाइन जाम होने के कारण ग्रामीणों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के साथ जिला कलक्टर, जिला परिषद एवं नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन देकर सीवरेज लाइन की सफाई करवाने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि सीवरेज जाम होने से गंदा पानी पूरे क्षेत्र में फैल गया था। इसके चलते आसपास गंदगी एवं दुर्गंध का माहौल बना हुआ है और लोगों का रास्ते से निकलना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने स्वयं धूल डालकर फैलते गंदे पानी एवं गंदगी को रोकने का प्रयास किया है। ग्रामीणों के अनुसार जिला परिषद एवं प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि पंचायत चुनाव की आचार संहिता के कारण फिलहाल सफाई कार्य संभव नहीं है। करीब एक माह बाद टेंडर जारी कर सीवरेज की सफाई करवाई जा सकेगी। ग्रामीणों ने बताया कि सीवरेज जाम होने से आसपास के घरों में मच्छरों की भरमार हो गई है। गंदे पानी की दुर्गंध के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है तथा क्षेत्र में बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दीपावली तक समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पर्व के बाद धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *