

कच्ची बस्ती में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान, बच्चों और महिलाओं को बांटी सेहत पिटारा किट
बीकानेर/जयपुर। स्वयंसेवी संस्था आई-इंडिया की ओर से द सैफी फाउंडेशन के सहयोग से कच्ची बस्ती में ‘सेहत पिटारा’ जागरूकता एवं वितरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और अच्छी आदतों के प्रति जागरूक किया गया। बी.एस. सिंघल ने बताया कि इस पहल के माध्यम से बस्तीवासियों के साथ स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर संवाद किया गया। इस दौरान बच्चों, महिलाओं एवं किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री, प्राथमिक उपचार के साधन, ओआरएस तथा पौष्टिक पेय पाउडर से युक्त सेहत पिटारा किट वितरित की गईं। चारु ने बताया कि संस्था विगत 30 वर्षों से विषम परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे बालक-बालिकाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए कार्य कर रही है। वहीं, सचिन गोस्वामी ने उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाना रहा।
