

दीपावली पर ‘अपनी कक्षा सजाओ’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
बीकानेर। जड़ावबाई झंवर माध्यमिक विद्यालय, नोखा चरकड़ा में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में ‘अपनी कक्षा सजाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का परिचय देते हुए कक्षा-कक्षों को आकर्षक ढंग से सजाया। विद्यालय के निदेशक हनुमान दास रांकावत ने बताया कि विद्यार्थियों ने विभिन्न कलात्मक चित्रों, रंग-बिरंगी रोशनी, मनमोहक रंगोलियों और सजावटी सामग्री के माध्यम से कक्षा-कक्षों को दीपावली के रंगों से सजा दिया। विद्यार्थियों के उत्साह और सृजनात्मकता से विद्यालय परिसर उत्सवी माहौल में रंग गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन शिक्षण संस्थान, बीकानेर के निदेशक ओमप्रकाश सुथार एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी उमाशंकर आचार्य थे। रांकावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में कलात्मक अभिरुचि, रचनात्मक सोच, सामूहिक सहयोग तथा भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। इस अवसर पर शिक्षक मांगीलाल गोयल, ओमप्रकाश, सुखराम, नरेंद्र सिंह, गोपीराम, वर्षा स्वामी, ममता शर्मा, कांता शर्मा, संगीता कंवर एवं निरमा गणेश सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। ग्रामीण जन जगदीश, गोपालराम एवं मोहनलाल के साथ मातृशक्ति की भी सहभागिता रही। सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं कक्षा-कक्षों की सुंदर सजावट की सराहना की। आयोजन ने विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर देने के साथ दीपावली की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया।
