

बाल दिवस पर 15 नवम्बर को होगी कविता वाचन प्रतियोगिता, विजेताओं का होगा सम्मान
बीकानेर। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति की ओर से बाल दिवस के उपलक्ष्य में 15 नवम्बर को संस्कृति भवन में कविता वाचन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। समिति के श्याम महर्षि ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित करना है। वहीं रवि पुरोहित ने बताया कि कविता वाचन के माध्यम से बच्चों में संवेदनशील सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें साहित्यिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता के विजेताओं को उसी दिन आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता कमल किशोर पीपलवा करेंगे तथा गीतकार एवं बाल साहित्यकार शिवराज भारतीय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
