Bikaner Bikaner District Rajasthan धर्म

दीपोत्सव के लिए 8 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति, बीकानेर के 100 मंदिरों पर खर्च होंगे 1.48 करोड़ रुपए

दीपोत्सव के लिए 8 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति, बीकानेर के 100 मंदिरों पर खर्च होंगे 1.48 करोड़ रुपए
बीकानेर। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा संख्या 123.00.00 (वर्ष 2026-27) के क्रियान्वयन के तहत दीपावली के पांच दिवसीय दीपोत्सव पर प्रदेश के मंदिरों में विशेष साज-सज्जा एवं आरती के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए देवस्थान विभाग की ओर से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस बार दीपोत्सव के कार्यक्रम मंदिरों में भव्यता के साथ आयोजित किए जाएंगे।
देवस्थान विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी ने बताया कि दीपावली के अवसर पर पांच दिवसीय दीपोत्सव के दौरान मंदिरों में विशेष साज-सज्जा और आरती के आयोजन किए जाएंगे। देवस्थान विभाग की आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने बताया कि प्रदेश में विभाग के अधीन कुल 541 मंदिरों में यह आयोजन होगा। इनमें 352 प्रत्यक्ष प्रभार एवं 188 आत्मनिर्भर श्रेणी के मंदिर शामिल हैं। इन आयोजनों के लिए राज्य मद से कुल 800.85 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
बीकानेर के 100 मंदिरों के लिए 148.70 लाख रुपए स्वीकृत
देवस्थान विभाग की ओर से जारी स्वीकृति के अनुसार जयपुर प्रथम के 37 मंदिरों के लिए 59 लाख रुपए, जयपुर द्वितीय के 17 मंदिरों के लिए 8 लाख रुपए, अजमेर के 21 मंदिरों के लिए 22.60 लाख रुपए, उदयपुर के 98 मंदिरों के लिए 175.60 लाख रुपए तथा बीकानेर के 100 मंदिरों के लिए 148.70 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार जोधपुर के 17 मंदिरों के लिए 10.75 लाख रुपए, ऋषभदेव के 100 मंदिरों के लिए 141.55 लाख रुपए, कोटा के 53 मंदिरों के लिए 53.50 लाख रुपए, वृंदावन के 20 मंदिरों के लिए 30.40 लाख रुपए, हनुमानगढ़ के 21 मंदिरों के लिए 36.75 लाख रुपए तथा भरतपुर के 57 मंदिरों के लिए 114 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। दीपोत्सव के दौरान मंदिरों में विशेष साज-सज्जा एवं आरती के आयोजनों से धार्मिक स्थलों पर उत्सवी माहौल बनेगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को दीपावली के अवसर पर मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन देखने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *