Bikaner Bikaner District Rajasthan

निर्माण नियमों की अवहेलना पर होगी कार्रवाई, अतिक्रमण पर दो साल तक की सजा का प्रावधान

निर्माण नियमों की अवहेलना पर होगी कार्रवाई, अतिक्रमण पर दो साल तक की सजा का प्रावधान
बीकानेर। बीकानेर विकास प्राधिकरण ने शहर के सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित विकास के लिए निर्माण संबंधी नियमों की पालना पर जोर दिया है। प्राधिकरण की ओर से आमजन को अतिक्रमण निषेध, सेटबैक नियम, निर्माण की अनिवार्य स्वीकृति तथा भवनों की ऊंचाई सीमा सहित विभिन्न प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इन नियमों का उद्देश्य अवैध, असुरक्षित एवं अनियोजित निर्माण पर रोक लगाना है। बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना ने बताया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए नागरिकों का निर्माण संबंधी नियमों के प्रति जागरूक होना और उनकी पालना करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों, नालियों एवं पार्कों पर अतिक्रमण करना प्रतिबंधित है। अनधिकृत निर्माण एवं कब्जे के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जा सकता है। अतिक्रमण के लिए दो वर्ष तक के कारावास एवं 20 हजार रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान भी है। उन्होंने बताया कि भूखंड पर निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति भूखंड की प्लॉटिंग करने, व्यावसायिक उपयोग के लिए भू-उपयोग में परिवर्तन करने अथवा अन्य अनधिकृत निर्माण करने से बचना चाहिए। नियमों का उल्लंघन होने पर अनधिकृत निर्माण एवं गतिविधियों को ध्वस्त करने के साथ परिसर को सीज भी किया जा सकता है। आयुक्त ने कहा कि भवन निर्माण के दौरान भूखंड के आगे, पीछे और दोनों तरफ नियमानुसार निर्धारित स्थान छोड़ना आवश्यक है। भवन एवं सड़क सीमा के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखना भी जरूरी है। सेटबैक नियमों का उल्लंघन करने पर संपत्ति सीज करने तथा नियम विरुद्ध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि भवन की ऊंचाई स्वीकृत निर्माण मानचित्र के अनुरूप होनी चाहिए। अतिरिक्त निर्माण के लिए अनुमति लेने के साथ अग्नि सुरक्षा मानकों सहित भवन निर्माण से जुड़े सभी नियमों की पालना करना भी आवश्यक है। आयुक्त ने आमजन से निर्माण संबंधी नियमों की पालना करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में बीकानेर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *