

महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की 22वीं अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू
बीकानेर/श्रीगंगानगर। विधायक जयदीप बिहाणी ने जी.एल. बिहाणी एसडी पीजी कॉलेज के खेल मैदान में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की 22वीं अंतर महाविद्यालय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जोन की क्रिकेट टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जयदीप बिहाणी ने कहा कि खिलाड़ियों का समय भाषण सुनने में नहीं, बल्कि मैदान में पसीना बहाने में अधिक व्यतीत होना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं नेता कम हूं, आप लोगों के बीच का खिलाड़ी ज्यादा हूं। मेरे रोम-रोम में खेल बसा हुआ है।” उन्होंने अपने स्वभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्पष्टवादिता में विश्वास रखते हैं और अपनी बात सीधे शब्दों में कहते हैं। समारोह में महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की ओर से प्रतियोगिता के लिए नामित सदस्य अमरजीत सिंह अठवाल तथा ऑब्जर्वर अमित कुमार मलकीत सिंह और दिनकांत सिंह माचरा उपस्थित रहे। इनके अलावा निदेशक डॉ. कविता चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी ए.के. पांडे, प्राचार्य डॉ. वरुण माहेश्वरी सहित बिहाणी शिक्षण संस्थाओं के विभिन्न प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
