Bikaner Bikaner District Rajasthan Sports

ओवर सिक्सटी प्रीमियम कप पर वेस्टर्न वॉरियर का कब्जा

सेंट्रल सुपर स्ट्राइकर को 4 विकेट से हराया, बीजू नायर बने मैन ऑफ द सीरीज
बीकानेर। पॉलिश्ड बाउंड्री क्रिकेट क्लब बीकानेर के तत्वावधान में आयोजित ओवर सिक्सटी प्रीमियम कप-2026 का खिताबी मुकाबला वेस्टर्न वॉरियर ने अपने नाम किया। रेलवे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए 40-40 ओवर के फाइनल मुकाबले में वेस्टर्न वॉरियर ने सेंट्रल सुपर स्ट्राइकर को 4 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल सुपर स्ट्राइकर ने निर्धारित 40 ओवर में 179 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टर्न वॉरियर की टीम ने 25.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए बीजू नायर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
महाराष्ट्र वॉरियर तीसरे स्थान पर
टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए सादुल क्लब मैदान पर पॉलिश्ड बाउंड्री क्लब और महाराष्ट्र वॉरियर के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महाराष्ट्र वॉरियर ने निर्धारित 40 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पॉलिश्ड बाउंड्री क्लब की टीम 25.1 ओवर में 87 रन पर सिमट गई। इस तरह महाराष्ट्र वॉरियर ने 168 रन से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। इस मुकाबले में योगेश फलक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
खिलाड़ियों को किया सम्मानित
पॉलिश्ड बाउंड्री क्रिकेट क्लब के सहनिदेशक रमेश जोशी ने बताया कि टूर्नामेंट का पुरस्कार वितरण समारोह रेलवे परिसर में उत्तर-पश्चिम रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक आरएस चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। समारोह में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके साथ ही खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट फील्डर और बेस्ट बॉलर के पुरस्कार भी दिए गए। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए बीजू नायर को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। आयोजन के समापन पर सुनील जोशी ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं तथा देश-विदेश के विभिन्न शहरों से आए खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *