

मोबाइल के अधिक उपयोग और फास्ट फूड से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
बीकानेर। महावीर इंटरनेशनल की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में निःशुल्क नेत्र एवं दंत चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एएसजी आई हॉस्पिटल के सहयोग से विद्यार्थियों की नेत्र जांच की गई, जबकि डॉ. हितेश डागा ने दंत चिकित्सा जांच कर परामर्श दिया। आधुनिक जीवनशैली में बच्चों के बीच मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग और फास्ट फूड के सेवन की बढ़ती आदतों का उनकी आंखों एवं दांतों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा समय रहते समस्याओं की पहचान करने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। शिविर में डॉ. हितेश डागा ने 115 बच्चों के दांतों की जांच की। उन्होंने बच्चों को दांतों की नियमित सफाई, मसूड़ों की देखभाल तथा फास्ट फूड के अधिक सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी और उचित परामर्श प्रदान किया। वहीं, विशेषज्ञ टीम ने 175 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर चंद्र कुमार राखेचा, टोडर मल चोपड़ा, कल्याण चंद चोपड़ा, जिनेन्द्र कुमार कोचर, कन्हैया लाल बोथरा, अर्चना गुप्ता एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
