Bikaner Bikaner District Rajasthan

पेंशनर्स की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल

पेंशनर्स की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल, महासंघ ने दी बधाई
बीकानेर। राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर्स महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सोलंकी एवं प्रदेश महामंत्री अरविंद कौशल ने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर पेंशनर्स कल्याण समिति द्वारा पेंशनर्स की लंबित समस्याओं के समाधान हेतु किए गए सफल प्रयासों एवं प्राप्त सकारात्मक परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने समिति के अध्यक्ष मनफूल मांगलिया, महामंत्री नेमाराम जाट सहित समस्त पदाधिकारियों एवं पेंशनर्स को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। प्रदेश महामंत्री अरविंद कौशल ने बताया कि पेंशनर्स की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर किए गए शांतिपूर्ण धरना-आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधि डॉ. राजेंद्र दुबे के साथ हुई वार्ता सकारात्मक एवं सफल रही। वार्ता के दौरान पेंशनर्स की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र समाधान की दिशा में सहमति बनी। बैठक में इस माह की पेंशन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने, महंगाई भत्ते में वृद्धि संबंधी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने तथा पेंशनर्स को इसका लाभ जल्द दिलाने के प्रयासों की जानकारी दी गई। इसके अलावा सेवानिवृत्त कार्मिकों की ग्रेच्युटी एवं भविष्य निधि (पीएफ) की बकाया राशि का भुगतान जून माह में ही करवाने का आश्वासन दिया गया। वार्ता में सातवें वेतनमान के अनुसार किए गए पेंशन स्थिरीकरण के आधार पर बकाया भुगतान शीघ्र जारी करने, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति से पूर्व ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) उपलब्ध करवाने तथा लंबित लेखा परीक्षण आपत्तियों का त्वरित निस्तारण करने पर भी सहमति बनी। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र कुमार भटनागर, डॉ. अरुण कुमार शर्मा, डॉ. आर.पी. चावड़ा, मनफूल मांगलिया एवं मूलचंद जाट ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं डॉ. भारत सिंह भीमावत, नेमाराम जाट, मोहनलाल चांगवाल, डॉ. भूपेंद्र उपाध्याय, महावीर शर्मा तथा प्रदेश संगठन मंत्री एस.वी. सहाय ने इस वार्ता को पेंशनर्स के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *