

श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई शनिदेव जयंती
बीकानेर। धर्म और न्याय के प्रतीक भगवान शनिदेव की जयंती शनिवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। शहर के विभिन्न शनि मंदिरों में अलसुबह से ही अभिषेक, पूजन, श्रृंगार एवं दर्शन का दौर शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं हवन आयोजित किए गए, जिनमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर सुख-समृद्धि और शनि कृपा की कामना की। शनि जयंती के अवसर पर भक्तों ने शनि देव को प्रसन्न करने के लिए तिल, तेल, काले वस्त्र, कंबल, लोहे के पात्र तथा अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। अमावस्या के संयोग पर श्रद्धालुओं ने गौसेवा करते हुए गायों को घास और गुड़ खिलाया तथा पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की। वहीं गरीबों एवं जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, चप्पल और दक्षिणा का दान भी किया गया। शनि जयंती के अवसर पर शहर के मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन, पूजन और अभिषेक के लिए पहुंचे, जिससे पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा।
