

पेट्रोल-डीजल कीमतों के विरोध में महिला कांग्रेस का पोस्टकार्ड अभियान
बीकानेर। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। कांग्रेस के अग्रिम संगठन महिला कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर पेट्रोल पंप पर पोस्टकार्ड अभियान चलाते हुए महंगाई कम करने की मांग उठाई। शांति बेनीवाल के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसके कारण सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं के दामों में भी लगातार वृद्धि हो रही है। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण करने तथा आमजन को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन में मुन्नी देवी, मोहिनी देवी, नानू देवी, दुर्गा देवी, सीमा जाट, रेनू, अनुराधा, पंछी देवी, संतोष, मंजू देवी, बेबी मंजू मेघवाल, सोनू, पूनम, केसर, बगतो, बूगी देवी, मनीषा सहित अनेक महिलाएं शामिल रहीं।
