

वेटरनरी महाविद्यालय का निरीक्षण, ऊंट चिकित्सा में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाने का सुझाव
बीकानेर। भारतीय पशुचिकित्सा परिषद् (वीसीआई), नई दिल्ली के प्रतिनिधि डॉ. डी. तानिगाईवेलू ने दो दिवसीय दौरे के दौरान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय बीकानेर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, व्याख्यान कक्षों, प्रेक्षागृह, पशु अनुसंधान केन्द्रों, पुस्तकालय, क्लिनिकल कॉम्पलेक्स एवं छात्रावासों का अवलोकन किया। यह निरीक्षण वीसीआई के न्यूनतम पशुचिकित्सा मानक-2016 के आधार पर किया गया, जिसमें उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों, स्टाफ एवं कार्यप्रणाली का भौतिक सत्यापन भी शामिल रहा। डॉ. तानिगाईवेलू ने महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने डॉ. सुमंत व्यास से मुलाकात की। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं की सराहना करते हुए उनके सुदृढ़ीकरण के लिए सुझाव दिए। साथ ही, उन्होंने वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर के क्लिनिक्स को ऊंट चिकित्सा के क्षेत्र में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर प्रो. बी.एन. श्रृंगी (अधिष्ठाता) एवं प्रो. राजेश कुमार धूड़िया सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
