

जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, एडीएम को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
बीकानेर। शहर की प्रमुख समस्याओं से परेशान आमजन को राहत दिलाने की मांग को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहरवासियों को हो रही विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इसमें नहरबंदी के दौरान अंतिम छोर तक पेयजल पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही एक दिन छोड़कर एक दिन पानी सप्लाई की व्यवस्था को आखातीज और बीकानेर स्थापना दिवस को ध्यान में रखते हुए 17 अप्रैल के बजाय 20 अप्रैल के बाद लागू करने की बात कही गई। इसके अलावा प्रचंड गर्मी को देखते हुए कोटगेट और सांखला फाटक पर पूर्व की भांति तुरंत टेंट व्यवस्था पुनः शुरू करने, शहर में हो रही बिजली की अघोषित कटौती को बंद करने तथा सीवरेज व्यवस्था के कारण आमजन को हो रही परेशानी से शीघ्र निजात दिलाने की मांग भी की गई। नितिन वत्सस ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान हेमंत किराडू, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित कोचर सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
