

सात नवंबर को जूनागढ़ से निकलेगी प्रभात फेरी
बीकानेर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर 7 से 15 नवंबर तक जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इसकी समीक्षा की।
संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा, मयंक मनीष, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सोहन लाल, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) श्री रमेश देव तथा नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष एवं अभियान के संभाग प्रभारी श्री महावीर रांका वीडियो कांफ्रेंस से जुड़े।
पंद्रह नवंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
जिला कलक्टर ने बताया कि ‘वंदे मातरम@150’ के तहत 10 से 15 नवंबर तक ‘वंदे मातरम@150 और स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम होंगे। इसके तहत 10 नवंबर को नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं को छोड़कर सभी सरकारी कार्यालयों में, 11 नवंबर को नगरीय निकायों में, 12 नवंबर को पंचायती राज संस्थाओं में, 13 नवंबर को स्कूलों, छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में, 14 नवंबर को सभी उच्च शिक्षण संस्थाओं में तथा 15 नवंबर को सभी अस्पतालों और पुलिस थानों में यह कार्यक्रम होंगे।
