Bikaner Bikaner District Rajasthan

कोलायत मेला : किसी के गले से मंगलसूत्र छीना तो किसी का बच्चा हुआ गुम

कोलायत मेला : किसी के गले से मंगलसूत्र छीना तो किसी का बच्चा हुआ गुम
कोलायत (बीकानेर)। पवित्र सरोवर नगरी कोलायत में चल रहे तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले में इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु पुण्य स्नान और दीपदान के लिए दूर-दूर से पहुंचे, वहीं मेले की भीड़ में कुछ अप्रिय घटनाएं भी सामने आईं।
बुधवार को सुबह से ही सरोवर घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इसी दौरान लालदेसर बड़ा की पुष्पी देवी जब सरोवर से स्नान कर बाहर आईं, तो उनके पास खड़ी नोखा निवासी नीतू ने मौका पाकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। हालांकि पुष्पी देवी की सतर्कता और तत्परता से नीतू को वहीं पर पकड़ लिया गया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वहीं दूसरी ओर, लाडनूं से आए एक परिवार का नन्हा बच्चा पंकज मेले की भीड़ में गुम हो गया। बच्चे के गुम होने की खबर फैलते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस बीच, कोलायत निवासी योगेश्वरी पंचारिया, मैना पंचारिया और मोनिका ने सतर्कता दिखाते हुए बच्चे को खोज निकाला और उसे सुरक्षित रूप से उसके पिता तक पहुंचाया। घटनाओं की जानकारी मिलते ही कोलायत पुलिस व जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मेले में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ाने और घोषणाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की अपील की है।प्रशासन ने कहा है कि ऐसे आयोजनों में श्रद्धालु अपने कीमती आभूषणों, मोबाइल व पर्स का विशेष ध्यान रखें और छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *