Bikaner Bikaner District Rajasthan

देवस्थान विभाग बीकानेर और चूरू के 100 मंदिरों में करेगा विशेष महाआरती का आयोजन

देवस्थान विभाग बीकानेर और चूरू के 100 मंदिरों में करेगा विशेष महाआरती का आयोजन
बीकानेर। दीपावली की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने गुरुवार शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला कलेक्टर ने पुलिस व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, मेडिकल फैसिलिटी, सड़क मरम्मत, विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग, बिजली की सुचारू व्यवस्था,साफ-सफाई, रोशनी, सजावट, फायर ब्रिगेड व्यवस्था, फूड सेफ्टी, मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देशित किया।
450 जवानों का पुलिस जाप्ता रहेगा तैनात
बैठक में एडिशनल एसपी सिटी सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि दीपावली के अवसर पर कानून व्यवस्था को लेकर शहर में दो पारियों सुबह 8 से शाम 6 बजे और शाम 6 से सुबह 8 बजे तक में करीब 450 का पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा। धार्मिक स्थानों पर पैदल गस्त और मोबाइल पार्टियों की गश्त रहेगी। करीब 150 पुलिसकर्मी ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे। श्री तिवाड़ी ने बताया कि केईएम रोड़ पर इस बार बाहर से आने वाले छोटे व्यापारियों को दुकानों के आगे सड़क पर सामान रखकर बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सड़क पर सामान बेचने की अनुमति पब्लिक पार्क गेट से जूनागढ़ तक और पब्लिक पार्क गेट से सार्दुल सिंह सर्किल तक दी जाएगी।
सार्दुल स्कूल, फोर्ट स्कूल व रतन बिहारी पार्क में रहेगी पार्किंग व्यवस्था
बैठक में ट्रैफिक इंस्पेक्टर श्री नरेश निर्वाण ने बताया कि इस बार सार्दुल स्कूल, फोर्ट स्कूल व रतन बिहारी पार्क में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। फोर्ट स्कूल से लगता राजीव मार्ग तीन दिन तक खाली रखा जाएगा, यहां पार्किंग अनुमति नहीं होगी। शहर में कुल 33 स्थानों पर बैरिकेडिंग हेतु पीडब्ल्यूडी को लिखा गया है। शहर में रहने वाले लोगों के लिए पास की व्यवस्था की गई है।
बैठक में देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री गौरव सोनी ने बताया कि बीकानेर व चूरू के 100 मंदिरों एवं प्रन्यास मंदिरों में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सहभागिता से मंदिरों में सामूहिक दीप प्रज्वलन, विद्युत लाइटिंग से मंदिरों को सजाने, मिट्टी से निर्मित गणेश एवं लक्ष्मी की प्रतिमाओं का पूजन, मंदिरों में भक्ति संगीत, कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और दीपावली की रात्रि को विशेष महाआरती होगी। गोवर्धन पूजा के दिन अन्नकूट का प्रसाद बनाकर वितरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *